
पालगंज, 22 जनवरी (निज संवाददाता) पूर्वोत्तर रेलवे के गोपालगंज-छपरा -थावे रेलखंड पर रेल प्रशासन द्वारा सघन टिकट चेकिंग अभियान गुरुवार को चलाया गया। यह अभियान वाराणसी मंडल के डीआरएम आशीष जैन के निर्देश पर संचालित हुआ। जिसका उद्देश्य बिना टिकट यात्रा पर रोक लगाना तथा राजस्व की सुरक्षा सुनिश्चित करना था। अभियान के दौरान टिकट जांच दल ने विभिन्न पैसेंजर और सवारी गाड़ियों के साथ-साथ स्टेशनों पर भी गहन जांच की गई। जांच के क्रम में बिना टिकट,फर्जी टिकट या अनियमित टिकट पर यात्रा कर रहे कुल 85 रेल यात्रियों को पकड़ा गया।

रेलवे के नियमों के अनुसार इन यात्रियों से जुर्माना वसूली की जा रही है,वहीं आवश्यक मामलों में आगे की विधिसम्मत कार्रवाई भी की जा रही है। अचानक चले इस सघन अभियान से रेल यात्रियों में हड़कंप मच गया। कई यात्री टिकट जांच टीम को देखकर इधर-उधर भागते नजर आए, जबकि कुछ यात्रियों ने मौके पर ही टिकट बनवाकर अपनी यात्रा को वैध किया। अभियान के दौरान रेलवे सुरक्षा बल(आरपीएफ) व वाणिज्य विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे,जिससे पूरी कार्रवाई सुव्यवस्थित और प्रभावी रही।रेल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आगे भी इस तरह के औचक टिकट जांच अभियान जारी रहेंगे।

प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान वैध टिकट लेकर ही सफर करें। बिना टिकट यात्रा न केवल दंडनीय अपराध है, बल्कि इससे ईमानदार यात्रियों को भी असुविधा होती है। रेलवे ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

