समस्तीपुर, 22 सितंबर (निज संवाददाता) बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के शांतिपूर्ण एवं सफल संचालन को लेकर जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने शुक्रवार को अपराह्न 4 बजे अपने कार्यालय कक्ष में विभिन्न कोषांगों की समीक्षा बैठक आयोजित की।
बैठक में विशेष रूप से कार्मिक कोषांग, बज्रगृह एवं मतगणना कोषांग तथा प्रेक्षक कोषांग से जुड़ी तैयारियों की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि चुनाव संबंधी समस्त कार्य समयबद्ध, व्यवस्थित एवं निर्विघ्न रूप से पूरे किए जाएं।

उन्होंने कहा कि आदर्श आचार संहिता का सख्ती से पालन, ईवीएम और वीवीपैट की सुरक्षा, मतगणना स्थल की समुचित व्यवस्था तथा प्रेक्षकों के समन्वय से चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी बनाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
समीक्षा बैठक में संबंधित कोषांगों के नोडल पदाधिकारी एवं अन्य वरीय अधिकारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और हर स्तर पर पूरी सतर्कता बरतने का निर्देश दिया।

