समस्तीपुर, 15 नवम्बर (समस्तीपुर डेस्क) जिले के विभूतिपुर प्रखण्ड अंतर्गत नरहन पंचायत के रायपट्टी वार्ड 2 निवासी 22 वर्षीय गुड्डु कुमार की आज सुबह मौत हो गई। परिवारिक सूत्रों के अनुसार, गुड्डु बीती रात घर से करीब 200 मीटर दूर स्थित रानी राज किशोरी कन्या उच्च विद्यालय रामगढ़ के परिसर में अपनी बहन को मोबाइल पर अपनी तबीयत खराब होने की जानकारी देते हुए अस्पताल ले जाने के लिए कह रहा था। परिवारजन उसे लेने के लिए पहुंचे और अचेतावस्था में गुड्डु को स्थानीय अस्पताल ले गए। चिकित्सक उपलब्ध न होने के कारण उसे सदर अस्पताल समस्तीपुर ले जाते समय बीच रास्ते में उसकी मौत हो गई।

घटना की जानकारी रात्रि प्रहरी रंजीत राम ने दी। उन्होंने बताया कि गुड्डु रात करीब 8 बजे विद्यालय के बरामदे पर किसी से फोन पर बातचीत कर रहा था। गुड्डु के चाचा दिगम्बर राय ने कहा कि किसी दोस्त ने उसे फोन कर बुलाया था, परंतु परिवार ने रोकने की कोशिश की।

घटनास्थल का मुआयना करने पर मछली, पानी की बोतल, नमकीन और सल्फास की डिब्बी मिली, साथ ही आसपास उलटफेर की स्थिति पाई गई। विभूतिपुर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की जांच शुरू कर दी है।
गुड्डु 4 भाई-बहनों में सबसे छोटा था, अविवाहित था और परदेस में मजदूरी करता था। परिजन और ग्रामीण उसकी मौत को साजिशन हत्या की शक में देख रहे हैं। हत्या के कारण और शामिल व्यक्तियों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मोबाइल डिटेल्स की जांच से ही चलेगा।

