बक्सर, 30 सितंबर (विक्रांत) जिले के खड़ईचा गांव निवासी डॉ. अरुण कुमार ने वैश्विक स्तर पर बक्सर का नाम रोशन किया है। अमेरिका की स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी और एल्सेवियर द्वारा जारी विश्व के शीर्ष दो प्रतिशत वैज्ञानिकों की सूची में डॉ. अरुण का नाम शामिल किया गया है। यह सूची शोध कार्यों की गुणवत्ता और वैश्विक प्रभाव के आधार पर तैयार की जाती है, जिसमें उद्धरण मीट्रिक्स का उपयोग होता है।
डॉ. अरुण पटना स्थित महावीर कैंसर अस्पताल एवं शोध संस्थान में बीते दो दशकों से वरीय वैज्ञानिक के रूप में कार्यरत हैं। अब तक उनके 181 शोध पत्र प्रकाशित हो चुके हैं, जिनमें से पाँच नेचर जैसी प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय पत्रिकाओं में शामिल हैं।

उनकी इस उपलब्धि पर न सिर्फ खड़ईचा गांव बल्कि पूरे जिले में हर्ष का माहौल है। ग्रामीण गोपाल जी दुबे और संजय कुमार ने बताया कि डॉ. अरुण बचपन से ही मेधावी रहे हैं। मेथोडिस्ट अस्पताल के अधीक्षक डॉ. आर.के. सिंह ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि यह बक्सर के लिए गौरव की बात है।
डॉ. अरुण ने इस सफलता का श्रेय माता प्रभावती देवी, पिता अवकाशप्राप्त अभियंता मोती प्रसाद और पत्नी ममता कुमारी उर्फ मिक्की को दिया है। उन्होंने बताया कि वे कैंसर पर शोध के लिए रूस, जापान और इंग्लैंड में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। उनका लक्ष्य बक्सर को कैंसर मुक्त बनाना है और इसके लिए उनका प्रयास जारी है।

