शेखपुरा (अशोक “अश्क”) बिहार में चल रही ‘वोटर अधिकार यात्रा’ गुरुवार को एक बार फिर हादसे की वजह से चर्चा में आ गई। शेखपुरा जिले के खांड इलाके में यात्रा के दौरान झारखंड सशस्त्र पुलिस के सिपाही शंभू सिंह (40 वर्ष) तेजस्वी यादव की गाड़ी के नीचे आ गए। घटना में शंभू के दाहिने पैर की हड्डी तीन जगह से टूट गई। उन्हें गंभीर हालत में प्राथमिक उपचार के बाद पटना रेफर किया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यात्रा के दौरान जब काफिला शेखपुरा शहर से गुजर रहा था, उस समय शंभू सिंह सुरक्षा घेरे में तैनात थे। तेज गर्मी के कारण वे अचानक संतुलन खोकर सड़क पर गिर पड़े। उसी दौरान तेजस्वी यादव की गाड़ी उनके पैर के ऊपर से गुजर गई। हादसे के बाद अफरा-तफरी मच गई और आनन-फानन में उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया।
यह पहला मौका नहीं है जब वोटर अधिकार यात्रा के दौरान सुरक्षा में लगे पुलिसकर्मी को चोट लगी हो। दो दिन पहले नवादा में यात्रा के दौरान राहुल गांधी और तेजस्वी यादव के काफिले ने पुलिसकर्मी महेश कुमार को टक्कर मार दी थी। इस घटना में महेश का पैर फ्रैक्चर हो गया था। उन्होंने इस संबंध में नवादा नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। FIR में राहुल गांधी की गाड़ी के ड्राइवर को आरोपी बनाया गया है।
गौरतलब है कि ‘वोटर अधिकार यात्रा’ का आज पांचवां दिन है। इस यात्रा की शुरुआत गुरुवार को शेखपुरा के त्रिमुहानी स्थित दुर्गा मंदिर से हुई। यात्रा अब लखीसराय पहुंच चुकी है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी अब औपचारिक रूप से यात्रा में शामिल हो चुके हैं।
इस यात्रा का उद्देश्य राज्य भर में मतदाताओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना है, लेकिन बार-बार हो रही दुर्घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस प्रशासन और आयोजन समिति को अब अतिरिक्त सतर्कता बरतने की आवश्यकता है, ताकि आगे ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
हादसों के बीच भी यात्रा जारी है, लेकिन सिपाहियों की लगातार हो रही चोटों ने सरकार और विपक्ष दोनों के लिए चिंता बढ़ा दी है।

