
पटना, 12 जनवरी (पटना डेस्क) नालंदा जिले में संगठित अपराध के खिलाफ पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में दीपनगर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कुख्यात पेशेवर अपराधी सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

गिरफ्तार अपराधी संगठित गिरोह बनाकर लगातार आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। यह जानकारी अपर पुलिस अधीक्षक नुरुल हक ने प्रेस को दी।अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इंस्पेक्टर सह दीपनगर थानाध्यक्ष 12 जनवरी 2026 को लंबित कांडों के अनुसंधान और छापेमारी में जुटे थे। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि दीपनगर थाना का नामजद अभियुक्त मुटरू उर्फ रंजीत उर्फ रोहित कुमार एक निजी विद्यालय के पास मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे धर दबोचा।

तलाशी में उसके पास से एक देसी पिस्तौल, दो जिंदा कारतूस और चार एंड्रॉयड मोबाइल बरामद किए गए।पूछताछ में उसकी निशानदेही पर शैलेंद्र उर्फ सत्या उर्फ राइडर, प्रमोद महतो और गोलू तांती को गिरफ्तार किया गया। सभी के खिलाफ आपराधिक इतिहास दर्ज है। पुलिस को पूछताछ में कई अहम सुराग मिले हैं।

