
बक्सर, 31 जनवरी (विक्रांत) पूर्व मध्य रेल के दानापुर मंडल द्वारा बिना टिकट और अनियमित यात्रा करने वालों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। यात्रियों की सुविधा और रेलवे राजस्व की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मंडल प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में दिनांक 30 जनवरी 2026 को गाड़ी संख्या 12393 संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस में व्यापक टिकट जांच अभियान चलाया गया, जिससे रेल यात्रियों में हड़कंप मच गया।

वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक, दानापुर श्री अभिनव सिद्धार्थ के निर्देश पर सहायक वाणिज्य प्रबंधक श्री प्रदीप कुमार ने मंडलीय पर्यवेक्षकों के साथ इस अभियान का नेतृत्व किया। दानापुर से पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन के बीच ट्रेन के सभी कोचों, विशेष रूप से आरक्षित एसी कोचों की गहन जांच की गई। यह अभियान टिकट जांच दस्ते, संबंधित कोच के टीटीई और आरपीएफ कर्मियों के सहयोग से संयुक्त रूप से संचालित किया गया।जांच के दौरान बड़ी संख्या में यात्री बिना उचित टिकट अथवा वैध प्राधिकार के यात्रा करते पाए गए। अभियान के परिणामस्वरूप कुल 205 अनधिकृत यात्रियों को पकड़ा गया।

इन यात्रियों से रेलवे नियमों के तहत कुल ₹1,16,530 की राशि जुर्माने के रूप में वसूल की गई।रेलवे अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना टिकट और अनियमित यात्रा करने वालों के खिलाफ इस तरह के आकस्मिक और सघन टिकट जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। दानापुर मंडल ने यात्रियों से अपील की है कि वे वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा और दंडात्मक कार्रवाई से बचा जा सके।

