
बक्सर, 26 दिसम्बर (विक्रांत) शिक्षा में संस्कार, संस्कृति और भावनात्मक मूल्यों की पुनर्स्थापना को लेकर नगर में ऐतिहासिक पहल होने जा रही है। एकदिवसीय सेमिनार सह शाहाबाद शिक्षक सम्मान समारोह का भव्य आयोजन 28 दिसंबर 2025 रविवार को पूर्वाह्न 11 बजे से ट्रेनिंग स्कूल के समीप नगर परिषद गेस्ट हाउस सभागार में किया जाएगा।

सेमिनार का मुख्य विषय संस्कार, संस्कृति व भावनाएं रखा गया है, जिस पर शिक्षा और समाज से जुड़े प्रबुद्धजन गंभीर विमर्श करेंगे। कार्यक्रम में डुमरांव विधायक राहुल कुमार सिंह, राजपुर विधायक संतोष कुमार निराला तथा बक्सर विधायक आनंद मिश्रा विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।विशेष वक्ता के रूप में डाॅ. नरेंद्र पाठक, पूर्व निदेशक जगजीवन राम संसदीय अध्ययन एवं राजनीतिक शोध संस्था पटना उपस्थित रहेंगे।उनके साथ डायट प्राचार्य विवेक मौर्य, नगर परिषद के कार्यकारी सभापति विकास ठाकुर, प्रोफेसर डा. राजू मोची, व्याख्याता नवनीत कुमार और रविन्द्र कुमार गुप्ता की सहभागिता रहेगी।

समारोह का मुख्य आकर्षण राज्य शिक्षक पुरस्कार 2025 से सम्मानित शिक्षकों का सम्मान होगा, जिनकी उपलब्धियां उपस्थित जनसमूह को प्रेरित करेंगी।बक्सर, रोहतास, भोजपुर और कैमूर जिलों से आए शिक्षक शिक्षिकाएं कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाएंगे।आयोजन विकास फैमिली क्लब और एक्टिव टीचर्स एंड स्टुडेंट फेसबुक ग्रुप के संयुक्त तत्वावधान में हो रहा है। आयोजकों का कहना है कि शिक्षा को पाठ्यक्रम से आगे बढ़ाकर संस्कार, संस्कृति और संवेदनाओं से जोड़ना समय की मांग है बताई गई है।

