
बक्सर, 14 जनवरी (विक्रांत) सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम लगाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सड़क सुरक्षा माह के तहत बुधवार को समाहरणालय परिसर से प्रचार वाहन को रवाना किया गया। जिला पदाधिकारी बक्सर श्रीमती साहिला ने हरी झंडी दिखाकर अभियान की शुरुआत की, जिससे पूरे जिले में सुरक्षा का संदेश फैलाया गया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के हर नागरिक का साझा दायित्व है।

उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट पहनने, चारपहिया चालकों से सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा नशे की हालत में वाहन न चलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि थोड़ी सी सावधानी अनमोल जीवन को बचा सकती है।प्रचार वाहन जिले के प्रमुख मार्गों, चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों से होकर गुजरेगा। इस दौरान माइकिंग, पोस्टर, बैनर और पंपलेट के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जाएगा। “सड़क सुरक्षा—जीवन रक्षा”, “हेलमेट पहनें, सुरक्षित रहें” और “यातायात नियमों का पालन करें” जैसे नारों से वातावरण गूंज उठा।

प्रशासन ने जिलेवासियों से नियमों का पालन कर स्वयं सुरक्षित रहने और दूसरों की जान बचाने में सहयोग करने की अपील की। मौके पर उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्त्ता, जिला परिवहन पदाधिकारी, परिवहन विभाग के कर्मी और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। अभियान से लोगों में उत्साह और भावना जगी व्यापक।

