
समस्तीपुर, 06 जनवरी (समस्तीपुर डेस्क) समस्तीपुर में सड़क हादसों पर लगाम लगाने और आम लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से बुधवार को राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का भव्य शुभारंभ किया गया।
समाहरणालय परिसर से जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा और पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह ने संयुक्त रूप से जागरूकता वाहन (प्रचार रथ) को हरी झंडी दिखाकर जिले के विभिन्न क्षेत्रों के लिए रवाना किया।इस मौके पर जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क सुरक्षा कोई औपचारिकता नहीं, बल्कि जीवन से जुड़ा गंभीर विषय है। उन्होंने लोगों से हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, ओवरस्पीडिंग से परहेज और यातायात संकेतों के पालन की अपील की।

उन्होंने कहा कि नियमों का पालन ही दुर्घटनाओं में कमी ला सकता है।पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह ने बताया कि सड़क सुरक्षा माह के दौरान जिले भर में सघन जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। जिला परिवहन पदाधिकारी विवेक चंद्र पटेल ने बताया कि प्रचार रथ शहरी और ग्रामीण इलाकों में घूमकर माइकिंग के जरिए लोगों को सुरक्षित यात्रा का संदेश देगा।

कार्यक्रम में अपर समाहर्ता ब्रजेश कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी दिलीप कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। अंत में जिलाधिकारी ने सभी को यातायात नियमों के पालन की शपथ दिलाई।

