
समस्तीपुर, 21 दिसम्बर (समस्तीपुर डेस्क) समस्तीपुर जिले के लिए बड़ी खुशखबरी है। जिले से होकर दो नए एक्सप्रेस-वे गुजरेंगे, जिससे इलाके की दशा और दिशा दोनों बदलने वाली है। हल्दिया–रक्सौल 57.7 किलोमीटर एक्सप्रेस-वे के साथ ही पटना–पूर्णिया 62 किलोमीटर एक्सप्रेस-वे के निर्माण की कवायद शुरू कर दी गई है। इन दोनों परियोजनाओं से जिले के कुल 117 गांव सीधे तौर पर प्रभावित होंगे और यहां विकास की नई बयार बहेगी। जिला भू-अर्जन विभाग ने दोनों एक्सप्रेस-वे के लिए सर्वे का कार्य पूरा कर लिया है। जल्द ही गजट जारी किया जाएगा। जिला भू-अर्जन पदाधिकारी प्रवीण कुमार ने बताया कि रक्सौल से हल्दिया बंदरगाह तक बनने वाला ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे जिले के पांच प्रखंडों से होकर गुजरेगा।

यह एक्सप्रेस-वे कल्याणपुर प्रखंड के लदौरा गांव से जिले में प्रवेश कर वारिसनगर, खानपुर, उजियारपुर और विभूतिपुर होते हुए बेगूसराय जिले में जाएगा। इससे 50 गांव प्रभावित होंगे।वहीं पटना–पूर्णिया एक्सप्रेस-वे समस्तीपुर जिले के आठ प्रखंडों के 67 गांवों से होकर गुजरेगा। यह मोरवा प्रखंड से प्रवेश कर सरायरंजन, उजियारपुर, विभूतिपुर, रोसरा, सिंघिया और हसनपुर होते हुए दरभंगा जिले में प्रवेश करेगा।अधिकारियों के मुताबिक सर्वे और एलायनमेंट का काम पूरा हो चुका है। अब आपत्ति लेने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। आपत्तियों के निपटारे के बाद भूमि अधिग्रहण कर निर्माण कार्य शुरू होगा। एक्सप्रेस-वे बनने से आवागमन आसान होगा और समस्तीपुर जिले में आर्थिक व सामाजिक विकास को नई गति मिलेगी।

