समस्तीपुर, 19 नवम्बर (समस्तीपुर डेस्क) समस्तीपुर मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में सोमवार को मंडल रेल उपभोक्ता सलाहकार समिति (डीआरयूसीसी) की वर्ष 2025 की दूसरी बैठक सौहार्दपूर्ण और रचनात्मक माहौल में सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक ज्योति प्रकाश मिश्र ने की, जबकि संचालन वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनन्या स्मृति द्वारा किया गया।

बैठक में विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रतिनिधियों ने अपने-अपने स्टेशनों पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं, आवश्यक सुधारों और लंबित मांगों से संबंधित ज्ञापन मंडल प्रशासन को सौंपे। उन्होंने प्लेटफॉर्म ढांचागत सुधार, पेयजल की उपलब्धता, यात्री प्रतीक्षालय, स्वच्छता, पार्किंग व्यवस्था तथा ट्रेन ठहराव जैसी आवश्यकताओं पर विस्तार से चर्चा की।

मंडल रेल प्रबंधक ज्योति प्रकाश मिश्र ने सभी बिंदुओं को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने आश्वस्त किया कि सभी उचित मांगों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी तथा यथासंभव इन्हें शीघ्र पूरा किया जाएगा। बैठक में मौजूद विभिन्न विभागों के शाखा अधिकारियों ने अपने-अपने विभाग से जुड़े विषयों पर सीधे प्रतिनिधियों से संवाद किया और समाधान के लिए सकारात्मक सुझाव दिए।
बैठक के दौरान डीआरयूसीसी की भूमिका और महत्व पर भी प्रकाश डाला गया। बताया गया कि यह समिति रेलवे प्रशासन और उपभोक्ताओं को जोड़ने वाला एक सशक्त माध्यम है, जिसके माध्यम से यात्रियों की समस्याएं, सुझाव और मांगें सीधे मंडल प्रशासन तक पहुँचती हैं। स्थानीय जनप्रतिनिधियों, व्यापार संगठनों, सामाजिक संस्थाओं और बुद्धिजीवियों की सहभागिता से रेलवे विकास को नई दिशा मिलती है।
अंत में मंडल रेल प्रबंधक ने सभी सदस्यों का सारगर्भित सुझावों के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यात्रियों की सुविधा में सुधार के लिए सभी का सहयोग महत्वपूर्ण है। उन्होंने भविष्य में भी इसी प्रकार सक्रिय भागीदारी बनाए रखने का आग्रह किया।
इस महत्वपूर्ण बैठक में अपर मंडल रेल प्रबंधक सन्नी सिन्हा, वरीय मंडल इंजीनियर (स) संजय कुमार, वरीय मंडल कार्मिक अधिकारी विवेक कुमार, वरीय मंडल वित्त प्रबंधक गणनाथ झा, वरीय मंडल यांत्रिक इंजीनियर दुर्गेश कुमार, मंडल सुरक्षा आयुक्त आशीष कुमार सहित विभिन्न विभागों के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

