
समस्तीपुर, 05 दिसम्बर (चंदन यादव) समस्तीपुर बाजार समिति परिसर में वर्षों से सड़क पर फैली अवैध सब्जी मंडी पर प्रशासन ने आज बड़ी कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलवा दिया। सड़क पर झोपड़ीनुमा और अस्थायी दुकानों के कारण प्रतिदिन जाम की स्थिति बन रही थी, जिससे आमजन परेशान थे। इसी को लेकर प्रशासन ने अभियान चलाते हुए पूरे मार्ग को अतिक्रमणमुक्त करा दिया और सैकड़ों अस्थायी ढांचे ध्वस्त कर दिए।
सुबह से ही बाजार समिति परिसर में प्रशासनिक हलचल तेज रही। नगर प्रशासन के निर्देश पर पुलिस बल की तैनाती के साथ कई जगहों पर स्थापित अवैध दुकानें तोड़ी गईं। अधिकारियों ने बताया कि लंबे समय से सड़क पर मंडी लगने से न सिर्फ यातायात बाधित हो रहा था, बल्कि दुर्घटनाओं की भी आशंका बढ़ गई थी। ऐसे में अतिक्रमण हटाना आवश्यक था।
हालांकि, इस कार्रवाई के बाद व्यापारियों में गहरा आक्रोश है। आरोप है कि मंडी तो तोड़ दी गई, लेकिन नई सब्जी मंडी की संरचना अब तक तैयार नहीं की गई है। ऐसे में सवाल यह उठता है कि जिन व्यापारियों के अस्थायी ढांचे टूट गए और जिनके पास दुकानें नहीं बचीं, वे अब अपनी रोज़ी-रोटी कैसे चलाएंगे? बाजार समिति में केवल कुछ पुराने दुकानदारों के पास ही स्थायी दुकानें हैं, जबकि बाकी सैकड़ों छोटे व्यापारियों के लिए नई व्यवस्था का इंतज़ार जारी है।
व्यापारियों ने कहा कि प्रशासन को कार्रवाई से पहले वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए थी। अचानक तोड़फोड़ से उनकी कमाई पर गहरा असर पड़ा है। कई दुकानदारों ने चेतावनी दी है कि यदि उन्हें वैकल्पिक जगह नहीं दी गई, तो वे बाजार समिति कार्यालय के सामने धरना देने को मजबूर होंगे।
प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही सब्जी व्यापारियों के लिए व्यवस्थित मंडी स्थल तैयार किया जाएगा, ताकि किसी की आजीविका प्रभावित न हो।

