समस्तीपुर, 29 अक्टूबर (समस्तीपुर डेस्क)आगामी बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 को सफल, निष्पक्ष और शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से समस्तीपुर जिले में स्वीप (SVEEP) कार्यक्रम के तहत मतदाता जागरूकता अभियान को नई गति दी गई है।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी रोशन कुशवाहा के निर्देश पर और नोडल पदाधिकारी-सह-जिला प्रबंधक (स्वीप) के मार्गदर्शन में जिले के सभी प्रखंडों में जीविका दीदीयों द्वारा व्यापक जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत जीविका समूहों की महिलाएं गांव-गांव जाकर घर-घर “मतदान अवश्य करें” का संदेश दे रही हैं। वे नुक्कड़ सभाओं, रैलियों और सामुदायिक बैठकों के माध्यम से मतदाताओं को जागरूक कर रही हैं कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में हर वोट की अहम भूमिका है।
दलसिंहसराय, कल्याणपुर, मोरवा, वारिसनगर, पटोरी, रोसड़ा, विभूतिपुर, हसनपुर, उजियारपुर और शिवाजी नगर प्रखंडों में आयोजित कार्यक्रमों में महिलाओं ने शपथ ली कि वे स्वयं मतदान करेंगी और दूसरों को भी प्रेरित करेंगी।
कार्यक्रम के दौरान जीविका दीदीयों ने उत्साहपूर्वक नारे लगाए —
“पहले मतदान, फिर जलपान”
“हर घर की पहचान — वोट डालने जाएं इंसान”।
नोडल पदाधिकारी ने बताया कि यह पहल महिला सशक्तिकरण के साथ लोकतांत्रिक भागीदारी को मजबूत कर रही है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी रोशन कुशवाहा ने कहा कि जीविका दीदीयों की भागीदारी से यह अभियान जनांदोलन का रूप ले चुका है। उन्होंने सभी नागरिकों से लोकतंत्र के इस उत्सव में भाग लेने की अपील की।

