समस्तीपुर, 26 नवंबर (समस्तीपुर डेस्क) समाहरणालय सभागार में बुधवार को नशा मुक्ति दिवस एवं संविधान दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा संयुक्त कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला पदाधिकारी रोशन कुशवाहा की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में अधिकारियों, शिक्षकों, जीविका दीदी और आंगनवाड़ी सेविकाओं ने नशा मुक्त समाज के निर्माण और संविधान के प्रति निष्ठावान रहने की शपथ ली।

कार्यक्रम में नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत आयोजित जिला स्तरीय निबंध लेखन, चित्रकला और वाद-विवाद प्रतियोगिताओं के विजेताओं को प्रमाण पत्र और पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया। निबंध लेखन प्रतियोगिता में उच्च माध्यमिक विद्यालय नीरपुर की विजरा फातमा प्रथम, उच्च मा.वि. विशनपुर की सिद्धि कर्ण द्वितीय तथा उच्च विद्यालय शंभूपट्टी के युवराज सिंह तृतीय स्थान पर रहे। चित्रकला प्रतियोगिता में उच्च मा.वि. शंभूपट्टी की अनिषा कुमारी, उच्च विद्यालय छतौना के गुंजन कुमार तथा उ.उ.म.वि. लगूनिया रघुकंठ की रिधि प्रिया को सम्मानित किया गया। वाद-विवाद प्रतियोगिता में उच्च विद्यालय सिंघिंया खुर्द के दिलखुस राज प्रथम, उ.म.वि. चकनूर की सोनाली कुमारी द्वितीय और उ.म.वि. नीरपुर की नाजिया प्रवीण तृतीय स्थान पर रहीं।

जिला पदाधिकारी रोशन कुशवाहा ने कहा कि नशे के खिलाफ समाज को जागरूक करना समय की आवश्यकता है और बच्चे तथा युवा इस मुहिम को सफल बनाने में अहम भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने संविधान दिवस के महत्व पर जोर देते हुए संविधान के मूल्यों, कर्तव्यों और लोकतांत्रिक परंपराओं के संरक्षण का आह्वान किया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, शिक्षाकर्मी और बड़ी संख्या में जीविका दीदियाँ उपस्थित थीं। अंत में सभी ने नशा उन्मूलन और संविधान के प्रति आस्था बनाए रखने का संकल्प दोहराया।

