
समस्तीपुर, 30 जनवरी (समस्तीपुर डेस्क) राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि सह शहीद दिवस के पावन अवसर पर शुक्रवार को समस्तीपुर समाहरणालय परिसर में एक भव्य एवं भावनात्मक श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इस मौके पर जिलाधिकारी श्री रोशन कुशवाहा ने समाहरणालय परिसर स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर बापू को पुष्पांजलि अर्पित की और उनके अद्वितीय बलिदान को नमन किया।कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मियों ने दो मिनट का मौन रखकर राष्ट्रपिता के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की। वातावरण पूरी तरह गांधीमय हो उठा।

जिलाधिकारी ने अपने संदेश में कहा कि महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और सामाजिक सद्भाव के सिद्धांत आज भी समाज के लिए उतने ही प्रासंगिक हैं। उन्होंने सभी से इन आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया।इस अवसर पर शहीद दिवस के साथ-साथ ‘विश्व कुष्ठ दिवस’ भी मनाया गया। जिलाधिकारी श्री कुशवाहा ने सभी पदाधिकारियों और कर्मचारियों को कुष्ठ उन्मूलन की शपथ दिलाई। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कुष्ठ रोगियों के साथ किसी भी प्रकार का भेदभाव या छुआछूत अस्वीकार्य है।

समय पर पहचान और इलाज से यह रोग पूरी तरह ठीक हो सकता है, इसलिए जागरूकता सबसे बड़ा हथियार है। उन्होंने निर्देश दिया कि जैसे ही किसी व्यक्ति में कुष्ठ रोग के लक्षण दिखें, उसे तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचाया जाए, ताकि बीमारी को फैलने से रोका जा सके। श्रद्धांजलि समारोह में पुलिस अधीक्षक श्री अरविंद प्रताप सिंह, उप विकास आयुक्त श्री सूर्य प्रताप सिंह, अपर समाहर्ता श्री ब्रजेश कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री रजनीश कुमार राय, प्रभारी पदाधिकारी अंजली कुमारी, वरीय उप समाहर्ता संदीप झा सहित कई वरीय अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी ने सभी से आह्वान किया कि वे गांधीजी के आदर्शों पर चलकर एक स्वस्थ, जागरूक और भेदभाव मुक्त समस्तीपुर के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।

