समस्तीपुर, 29 सितम्बर (मोहम्मद जमशेद) दुर्गा पूजा के पावन अवसर पर विधान परिषद सदस्य व भूमि विकास बैंक निदेशक डॉ. तरुण कुमार चौधरी ने 108 दुर्गा पूजा मेला समिति का फीता काटकर भव्य उद्घाटन किया। इस मौके पर डॉ. चौधरी ने कहा कि दशहरा असुरी और नकारात्मक शक्तियों पर विजय का प्रतीक है। उन्होंने सभी भक्तों की सुख-समृद्धि और मनोकामनाओं की पूर्ति की कामना की। साथ ही उन्होंने कहा कि इर्ष्या-द्वेष जैसे नकारात्मक भावों को छोड़कर समाज में भाईचारे को बनाए रखना जरूरी है।

लोजपा नेता व दुर्गा पूजा समिति के सहयोगी नीरज भारद्वाज ने बताया कि यहां पूरी वैष्णवी रीति-रिवाज से माता की पूजा होती है और बलि देने की परंपरा नहीं है। श्रद्धालु मन से जो मुराद लेकर आते हैं, माता उन्हें जरूर पूरी करती हैं, इसलिए इसे मनोकामना दुर्गा मंदिर कहा जाता है।
दुर्गा समिति के अध्यक्ष शरद चंद्र ठाकुर ने बताया कि नवरात्रि के पहले दिन से लेकर विजयदशमी तक मंदिर परिसर में उत्सव का माहौल रहता है। समिति के सदस्य पूरे उत्साह के साथ पूजा-पूजन एवं मेले का आयोजन करते हैं। इस अवसर पर मंहत ज्ञानंद गोस्वामी, उप प्रमुख राजेश सिंह, प्रखंड मुखिया संघ के अध्यक्ष सुनील कुमार उर्फ शोले राय सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।

