समस्तीपुर, 21 अक्टूबर (निज संवाददाता) बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 को लेकर समस्तीपुर जिला प्रशासन मतदाता जागरूकता अभियान को प्रभावशाली तरीके से चला रहा है। डीएम रोशन कुशवाहा के निर्देश पर स्वीप (SVEEP) कोषांग द्वारा जिले के विभिन्न प्रखंडों में रंगारंग और जनभागीदारी आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

अभियान की खास बात वाल पेंटिंग है, जिसमें पंचायत भवन, स्कूल और सार्वजनिक स्थलों की दीवारों पर प्रेरणादायक नारे जैसे “कोई मतदाता न छूटे”, “आपका वोट, आपका अधिकार” रंगीन चित्रों के माध्यम से उकेरे जा रहे हैं। ये चित्र ग्रामीणों का ध्यान खींच रहे हैं और मतदान के लिए प्रेरित कर रहे हैं।

इसके अलावा, नुक्कड़ नाटक और कला मंडलियों के माध्यम से भी लोगों को जागरूक किया जा रहा है। चौक-चौराहों और गाँवों में कलाकार मतदान की महत्ता, ईवीएम की पारदर्शिता और सही उम्मीदवार चुनने की जानकारी रोचक अंदाज़ में दे रहे हैं। लोकगीतों और नृत्य के माध्यम से ‘वोट हमारा अधिकार है’ का संदेश भी जोर-शोर से दिया जा रहा है।
स्वीप नोडल अधिकारी ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य सिर्फ मतदान प्रतिशत बढ़ाना नहीं, बल्कि जागरूक और नैतिक मतदान को बढ़ावा देना है। प्रशासन को उम्मीद है कि यह पहल चुनाव में रिकॉर्ड मतदान का मार्ग प्रशस्त करेगी।

