समस्तीपुर, 23 सितंबर (मोहम्मद जमशेद) समस्तीपुर रेल कारखाना में पीओएच डब्बा निर्माण कार्य शुरू न होने, नई रेल लाइन योजना की मंजूरी न मिलने, भोला टाकीज-मुक्तापुर-अटेरन चौक सहित अन्य स्थानों पर औवरब्रिज निर्माण कार्य शुरू न करने और रेल अस्पताल को केंद्रीय अस्पताल का दर्जा देने जैसी मांगों को लेकर रेल विस्तार एवं विकास मंच के सदस्य उपेंद्र राय, रामविनोद पासवान एवं अशोक राय ने 22 सितंबर से अनिश्चितकालीन आमरण अनशन शुरू किया था, जो मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी रहा।

अनशन स्थल पर जीबछ पासवान की अध्यक्षता में सभा का आयोजन हुआ, जिसमें शशिभूषण शर्मा, उमेश कुमार, रघुनाथ राय, सत्यनारायण सिंह, विश्वनाथ सिंह हजारी समेत कई नेता और रेलकर्मी शामिल हुए। माले नेता सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने चिल्ड्रेन पार्क के जीर्णोद्धार और रेल अस्पताल के दर्जा बढ़ाने की मांग दोहराई। माकपा नेताओं ने नई रेल लाइनों के निर्माण की मांग की। मंच के सदस्य विश्वनाथ सिंह हजारी ने आरोप लगाया कि प्रशासन रेल कारखाना को बंद करने की साजिश रच रहा है।
अनशनकारियों ने मांगें न माने जाने तक अनशन जारी रखने का संकल्प लिया है। रेल प्रशासन की अनदेखी पर आक्रोशित मंच के संयोजक शत्रुघ्न राय ने 24 से 27 सितंबर तक ताबड़तोड़ आंदोलन की योजना भी घोषित की है, जिसमें पूतला दहन, मशाल जुलूस, प्रदर्शन और रेल हड़ताल शामिल है।

