समस्तीपुर, 12 अक्तूबर (समस्तीपुर डेस्क) बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर सरायरंजन विधानसभा क्षेत्र में चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। एनडीए के प्रत्याशी और बिहार सरकार के जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी चौथी बार अपनी किस्मत आजमाने के लिए 16 अक्टूबर को नामांकन दाखिल करेंगे। नामांकन से पूर्व मंत्री ने रविवार को जनसंपर्क अभियान चलाया, जहां जगह-जगह उनका भव्य स्वागत किया गया।

उन्होंने अपने अभियान की शुरुआत विद्यापतिनगर बाजार से की, जहां आमजन से मुलाकात कर समर्थन मांगा। इसके बाद वे विद्यापतिधाम उगना महादेव मंदिर पहुंचे और पूजा-अर्चना की। मंदिर न्यास समिति ने मंत्री का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया।

मऊ धनेशपुर दक्षिण पंचायत से लेकर शेरपुर-ढ़ेपुरा सीमा, मऊ बाजार और लहेरिया चौक तक जगह-जगह मंत्री के समर्थन में जनसैलाब उमड़ा। समर्थकों ने पुष्पवर्षा करते हुए 100 किलो की माला पहनाकर उनका अभिनंदन किया। वहीं, बाबा चिरागा मजारशरीफ में चादरपोशी कर उन्होंने आशीर्वाद लिया, जहां मुस्लिम समुदाय ने उनका जोरदार स्वागत किया।

जनसंपर्क के दौरान मंत्री कई मंदिरों में पूजा-अर्चना कर विजयी होने की कामना की। मऊ बाजार में दो किलोमीटर लंबे पुष्पवर्षा के बीच भावुक होते नजर आए। उनकी यात्रा जदयू कार्यालय से शुरू होकर बजिदपुर बाजार में संपन्न हुई।
इस अवसर पर जदयू, भाजपा और अन्य घटक दलों के वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता व स्थानीय जनप्रतिनिधि भारी संख्या में मौजूद रहे।

