समस्तीपुर, 15 नवम्बर (समस्तीपुर डेस्क) बिहार की राजनीति में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के भरोसेमंद सहयोगी और जदयू के वरिष्ठ नेता विजय कुमार चौधरी ने एक बार फिर अपना राजनीतिक वर्चस्व साबित किया है। सरायरंजन विधानसभा क्षेत्र में उन्होंने लगातार चौथी बार जीत दर्ज करते हुए अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी राजद के अरविंद कुमार सिंह को 20,798 मतों के अंतर से पराजित किया। इस चुनाव में श्री चौधरी को कुल 1,02,792 मत मिले, जबकि राजद उम्मीदवार को 81,994 मत प्राप्त हुए। यह उनकी राजनीतिक सफर की सातवीं बड़ी जीत है।

शांत स्वभाव और सधे राजनीतिक अनुभव के लिए पहचाने जाने वाले विजय कुमार चौधरी अब तक जल संसाधन, संसदीय कार्य, वित्त, शिक्षा, कृषि, परिवहन, सूचना एवं जनसंपर्क और ग्रामीण विकास जैसे कई महत्वपूर्ण विभागों का सफलतापूर्वक नेतृत्व कर चुके हैं। वर्तमान में वे राज्य के जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री हैं।
1982 में पिता एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जगदीश प्रसाद चौधरी के निधन के बाद हुए उपचुनाव से विजय चौधरी ने राजनीति की शुरुआत की। 1985 और 1990 में कांग्रेस के टिकट पर विधायक बनने के बाद वे तत्कालीन मुख्यमंत्री जगन्नाथ मिश्र के करीबी माने गए। 1995 और 2000 में हार के बावजूद उन्होंने 2005 में जदयू का दामन थामकर नई शुरुआत की। 2010 से सरायरंजन में उनकी लगातार जीत साबित करती है कि जनता इन पर विकास और सौम्य व्यवहार के कारण आज भी अपना भरोसा दिखाती है।

