
बक्सर, 26 फरवरी (विक्रांत) बिहार सरकार के ‘सात निश्चय पार्ट-3’ के तहत राज्य को आर्थिक सशक्तिकरण और बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ाया जा रहा है। इसी कड़ी में जिला पदाधिकारी बक्सर श्रीमती साहिला एवं पुलिस अधीक्षक बक्सर श्री शुभम आर्य ने ब्रह्मपुर में स्थापित हो रही जे०के० सीमेंट की नवनिर्मित इकाई तथा औद्योगिक क्षेत्र नावानगर में स्थापित हो रही एस०एल०एम०जी बेवरेजेज का संयुक्त निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने निर्माण कार्यों की प्रगति, सुरक्षा मानकों और आधारभूत संरचनाओं के विकास का जायजा लिया। औद्योगिक क्षेत्र में सड़क, बिजली, जलापूर्ति और अन्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने के कार्यों की समीक्षा करते हुए जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया।

बताया गया कि सात निश्चय पार्ट-3 का उद्देश्य बिहार की पारंपरिक कृषि आधारित अर्थव्यवस्था को आधुनिक औद्योगिक ढांचे से जोड़ना है। उद्योग, उद्यमिता, कौशल विकास और निवेश आकर्षण को प्राथमिकता देते हुए राज्य में नए निवेश के लिए अनुकूल वातावरण तैयार किया जा रहा है। इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी डुमरांव, विशेष कार्य पदाधिकारी बक्सर एवं महाप्रबंधक, जिला उद्योग केंद्र बक्सर भी उपस्थित रहे।

अधिकारियों ने विश्वास जताया कि इन परियोजनाओं के शुरू होने से स्थानीय युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे और बक्सर औद्योगिक मानचित्र पर नई पहचान बनाएगा।

