
पटना, 01 जनवरी (पटना डेस्क) 31 दिसंबर को पारदर्शिता की परंपरा निभाते हुए बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपनी पूरी संपत्ति का ब्यौरा सार्वजनिक कर दिया। घोषित विवरण के मुताबिक मुख्यमंत्री के पास हाथ में महज 20,552 रुपये कैश हैं, जबकि तीन बैंक खातों में कुल 57,766 रुपये जमा हैं। इस तरह कैश और बैंक बैलेंस मिलाकर उनके पास कुल 78,318 रुपये ही हैं।चल संपत्ति में मुख्यमंत्री के पास एक फोर्ड इकोस्पोर्ट कार है, जिसकी कीमत 11.32 लाख रुपये बताई गई है।

इसके अलावा करीब 2.03 लाख रुपये के गहने भी हैं। कुल चल संपत्ति लगभग 17.66 लाख रुपये आंकी गई है। वहीं अचल संपत्ति के रूप में दिल्ली के द्वारका स्थित संसद बिहार कोऑपरेटिव हाउसिंग सोसाइटी में 1000 वर्गफुट का एक फ्लैट उनके नाम है, जिसकी बाजार कीमत 1.48 करोड़ रुपये बताई गई है।उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के पास 1.35 लाख कैश और उनकी पत्नी के पास 35 हजार रुपये हैं। बैंक खातों में करीब 17.45 लाख जमा हैं।

उनके पास बोलेरो नियो कार, हथियार और करीब 40 लाख रुपये मूल्य का सोना है।दूसरे उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा की कुल संपत्ति 11.62 करोड़ रुपये से अधिक बताई गई है। मुख्यमंत्री समेत सभी मंत्रियों ने साल के अंतिम दिन संपत्ति घोषित कर सुशासन की मिसाल पेश की।

