
पटना, 15 जनवरी (पटना डेस्क) सुपौल जिले के भीमनगर पंचायत में बुधवार शाम उस वक्त सनसनी फैल गई, जब 11वीं की छात्रा की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतका की पहचान वार्ड संख्या 11 निवासी रूपेश सिंह की 16 वर्षीय बेटी अपेक्षा सिंह के रूप में हुई है। घटना के बाद जहां परिजन इसे सीढ़ी से गिरने की वजह बता रहे हैं, वहीं पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट ने पूरे मामले को रहस्य में बदल दिया है।

परिजनों के अनुसार, बुधवार शाम करीब 6 बजे अपेक्षा अपने घर के डायनिंग हॉल में बैठकर टीवी देख रही थी। इसी दौरान वह अचानक जमीन पर गिर पड़ी। उसके नाक से खून बह रहा था। आनन-फानन में उसे अनुमंडलीय अस्पताल वीरपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा। इमरजेंसी ड्यूटी में तैनात डॉक्टर ठाकुर प्रसाद ने बताया कि अपेक्षा की मौत गोली लगने से हुई है। पोस्टमॉर्टम के दौरान छात्रा के सीने के पास से गोली निकाली गई, जिसे पुलिस को सौंप दिया गया है। चौंकाने वाली बात यह है कि मृतका के चाचा सुमित सिंह द्वारा दिए गए आवेदन में गोली लगने का कोई जिक्र नहीं है।

पुलिस का कहना है कि अस्पताल ले जाने से पहले अपेक्षा के कपड़े भी बदले गए थे, जिससे संदेह और गहराता है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि घर में हथियार मौजूद था या नहीं और घटना के वक्त घर में कौन-कौन था। फायरिंग की आवाज किसी ने क्यों नहीं सुनी, यह भी बड़ा सवाल है।पिता संवेदक बताए जा रहे हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा है। पुलिस कई एंगल से जांच कर रही है और इस रहस्यमयी मौत की गुत्थी सुलझाने के प्रयास जारी हैं।

