गोपालगंज, 21 अक्तूबर (निज संवाददाता) सूबे के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि सूबे का विकास अब रफ्तार पकड़ चुका है। राज्य सरकार एक्सप्रेसवे निर्माण से लेकर उद्योग-धंधों के विस्तार और उच्च शिक्षा के क्षेत्र में सुधार को आगे प्राथमिकता देने का काम करेंगी। सिर्फ आपका सहयोग चाहिए बिहार के पूर्णतः बदलाव के लिए। वे गोपालगंज जिले के सदर विधानसभा क्षेत्र के उचकागांव प्रखंड के छोटका साखे गांव में आयोजित चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

मंच पर एनडीए प्रत्याशी सुभाष सिंह के पक्ष में वोट मांगते हुए उन्होंने कहा कि हम प्रखण्ड स्तर पर महाविद्यालय जिला स्तर मेडिकल व इंजीनियरिंग कॉलेज सस्ते दरों में पढ़ाई के लिए खोल रहे है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि एनडीए सरकार ने विकास को गांव-गांव तक पहुंचाने का काम किया है। प्रदेश को आत्मनिर्भर और रोजगारपरक बनाने के लिए सड़क,शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि सहित हर क्षेत्र में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सूबे में बन रहे हल्दिया रक्सौल रामजानकी पथ व गोरखपुर सिलीगुड़ी एक्सप्रेसवे बिहार की अर्थव्यवस्था को नई दिशा देंगी। जिससे उद्योग-धंधों को और भी बढ़ावा मिलेगा। उच्च शिक्षा संस्थानों को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा रहा है, ताकि युवाओं को बेहतर अवसर मिल सके। उन्होंने कहा कि आज रात में भी लोग आजादी से घूम रहे हैं। कभी बिहार का बजट डेढ़ हजार करोड़ का था जो आज 23 हजार करोड़ का हो गया। लालू प्रसाद यादव अलकतरा पीने और चारा खाने में लगे थे। तो विकास कहा से करते। सूबे में मोदी व नीतीश कुमार विकास का जाल बिछा रहें हैं और विरोधी टीका टिप्पणी करने में लगे हैं। सभा में भारी भीड़ उमड़ी थी। लोग उत्साहपूर्वक नारे लगाकर उपमुख्यमंत्री का स्वागत कर रहे थे। सम्राट चौधरी ने जनता से अपील की कि राज्य में निरंतर विकास कार्यों को बनाए रखने के लिए एनडीए प्रत्याशी को भारी मतों से विजयी बनाएं। वही सभा को अनुसूचित जनजाति मंत्री जनक चमार सहित कई लोगों ने संबोधित किया।

