
पटना, 02 मार्च (अविनाश कुमार) मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार को सैदपुर भूमिगत नाला और उस पर बन रही फोर लेन सड़क परियोजना का निरीक्षण कर अधिकारियों को काम में तेजी लाने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस महत्वाकांक्षी योजना के पूरा होते ही सैदपुर, राजेंद्र नगर, मुसल्लहपुर हाट, गायघाट और पहाड़ी इलाके में ट्रैफिक जाम की पुरानी समस्या से राहत मिलेगी और न्यू पटना बाईपास तक वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध होगा।निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि वे पहले भी कई बार स्थल का जायजा ले चुके हैं।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सैदपुर नाले का बेहतर जीर्णोद्धार कर उसके ऊपर फोर लेन सड़क निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा किया जाए। उन्होंने इसे शहर के लिए “बेहद उपयोगी योजना” बताया।पटना डीएम के अनुसार, शहर के नौ ड्रेनेज पंपिंग स्टेशनों और एक सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का पानी सैदपुर नाले से होकर गुजरता है। नगर विकास विभाग के अंतर्गत बिहार शहरी आधारभूत संरचना विकास निगम लिमिटेड (बुडको) द्वारा 259.81 करोड़ रुपये की लागत से 5.61 किलोमीटर लंबे नाले पर पहाड़ी तक भूमिगत ढांचा और सड़क का निर्माण कराया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने बाकरगंज भूमिगत नाला और सड़क परियोजना का भी निरीक्षण किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण और तय समय सीमा में पूरा हो। बाकरगंज नाला उमा सिनेमा हॉल से अंटा घाट तक गंगा नदी की ओर जाता है और वर्षा के समय जल निकासी का प्रमुख मार्ग है। इस योजना के तहत 1.4 किलोमीटर लंबी सड़क नाले के ऊपर बनाई जा रही है।सरकार का दावा है कि दोनों परियोजनाओं के पूरा होने से न सिर्फ जलजमाव की समस्या दूर होगी, बल्कि शहर की ट्रैफिक व्यवस्था और खूबसूरती भी बेहतर होगी।

