समस्तीपुर, 16 नवंबर (समस्तीपुर डेस्क) सामाजिक सुधार और जनजागरूकता के लिए पिछले 25 वर्षों से सक्रिय स्मार्ट वैल्यू सामाजिक संस्था ने रविवार को समस्तीपुर के धर्मपुर स्थित मीनाक्षी विवाह भवन से सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान की शुरुआत की। अभियान के दौरान बिना हेलमेट बाइक चलाने वाले लोगों को संस्था की ओर से फ्री हेलमेट वितरित किए गए और उन्हें हमेशा हेलमेट पहनकर सुरक्षित यात्रा करने का संदेश दिया गया।

अभियान के दौरान “जब भी बाइक चलाएं, हेलमेट जरूर पहनें – जान है तो जहान है ” जैसे नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। इस पहल में नगर थाना के ट्रैफिक कंट्रोल कर्मियों और अधिकारियों ने भी हिस्सा लिया और लोगों को यातायात नियमों का पालन करने की सलाह दी।
स्मार्ट वैल्यू संस्था ने बताया कि रोड सेफ्टी को लेकर समाज में जागरूकता बढ़ाना बेहद जरूरी है। संस्था का कहना है कि दोपहिया वाहन चालकों की जान की सुरक्षा हेलमेट से ही सुनिश्चित की जा सकती है, इसलिए हर नागरिक को नियमों का पालन करते हुए यात्रा करनी चाहिए।
धर्मपुर में आयोजित यह कार्यक्रम स्थानीय लोगों के लिए प्रेरणादायक साबित हुआ और भविष्य में भी ऐसे अभियानों को जारी रखने की घोषणा की गई।

