
पटना, 12 जनवरी (पटना डेस्क) नालन्दा जिले के नगरनौसा थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए हथियारों और इंग्लिश शराब की भारी खेप बरामद कर इलाके में सनसनी फैला दी। इस दौरान पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। छापेमारी में दो राइफल, एक देसी पिस्टल, करीब 120 बोतल इंग्लिश शराब और लगभग 39 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।यह कार्रवाई नगरनौसा थानाध्यक्ष शशि रंजन कुमार मिश्रा के नेतृत्व में की गई।

थानाध्यक्ष ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि मनीचक गांव में एक व्यक्ति अपने घर में अवैध हथियार और शराब छुपाकर रखे हुए है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम के साथ मनीचक गांव पहुंचकर स्वर्गीय लक्ष्मण यादव के पुत्र सुमन कुमार के घर की घेराबंदी कर तलाशी ली गई।तलाशी के दौरान आपत्तिजनक सामग्री बरामद होने के बाद सुमन कुमार की निशानदेही पर अन्य ठिकानों पर छापेमारी की गई, जहां से इस मामले में शामिल अवधेश कुमार और राजनंदन प्रसाद उर्फ तिवारी को गिरफ्तार किया गया।

प्रारंभिक पूछताछ में शराब तस्करी से जुड़े कई अहम सुराग पुलिस के हाथ लगे हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की खेप किन रास्तों से लाई गई थी। छापेमारी टीम में प्रशिक्षु पुलिस अवर निरीक्षक ईसमा प्रवीण सहित थाना के कई अधिकारी शामिल थे।

