
पटना, 16 जनवरी (पटना डेस्क) बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि राज्य के सभी प्रखंडों में डिग्री कॉलेज की स्थापना की जाएगी। जिन प्रखंडों में अब तक उच्च शिक्षा की सुविधा नहीं है, वहां सरकार प्राथमिकता के आधार पर कॉलेज खोलेगी, ताकि बेटियों को पढ़ाई के लिए दूर नहीं जाना पड़े। उन्होंने कहा कि शिक्षा के बिना सशक्त बिहार की कल्पना संभव नहीं है।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की न्याय यात्रा से लेकर समृद्धि यात्रा तक ने बिहार के विकास को नई दिशा दी है। इन यात्राओं के माध्यम से सड़क निर्माण, स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार और गांव-पंचायत तक स्कूलों की स्थापना संभव हो सकी है। शिक्षा को मजबूत करने के लिए राज्य में करीब 500 पीएम श्री विद्यालय खोले जा रहे हैं, जिनमें आधुनिक लैब, स्मार्ट क्लास और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। समृद्धि यात्रा के पहले दिन बेतिया पहुंचे उपमुख्यमंत्री ने कहा कि 2005 से पहले पटना से बेतिया की यात्रा कठिन थी, लेकिन अब फोरलेन सड़क और प्रस्तावित एक्सप्रेस-वे से आवागमन आसान होगा।

उन्होंने बताया कि वाल्मीकिनगर में भगवान लवकुश स्मारक और सीतामढ़ी के पुनौराधाम में मां जानकी मंदिर से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार अगले पांच वर्षों में एक करोड़ नौकरी और रोजगार देने के लक्ष्य पर तेजी से काम कर रही है।

