
पटना, 12 जनवरी (पटना डेस्क) बिहार विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद आरजेडी के भीतर तेजस्वी यादव की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। पार्टी और परिवार के भीतर से लगातार हमले तेज हो रहे हैं। रोहिणी आचार्य के बयान के बाद अब आरजेडी के वरिष्ठ नेता शिवानंद तिवारी ने तेजस्वी यादव पर तीखा हमला बोला है। तेजस्वी के विदेश से पटना लौटते ही तिवारी ने तंज कसते हुए कहा कि एयरपोर्ट पर उनकी अगवानी में एक भी विधायक नजर नहीं आया और कार्यकर्ताओं से ज्यादा कैमरा मैन मौजूद थे।

शिवानंद तिवारी ने इस बात पर भी सवाल उठाया कि विदेश यात्रा से लौटने के बाद तेजस्वी सीधे पार्टी कार्यालय जाने की बजाय घर चले गए। उन्होंने इसे “अच्छा राजनीतिक संकेत नहीं” बताया। इससे पहले भी तिवारी तेजस्वी की नेतृत्व क्षमता पर सवाल उठा चुके हैं। उन्होंने कहा था कि विधानसभा सत्र के दौरान विदेश जाना मैदान छोड़ने जैसा है और तेजस्वी में अगले पांच वर्षों तक नेता प्रतिपक्ष की भूमिका निभाने की क्षमता नहीं दिखती।

इधर, रविवार को विदेश से लौटे तेजस्वी यादव ने पटना एयरपोर्ट पर कहा कि आरजेडी सकारात्मक राजनीति करती रही है और नई सरकार के पहले 100 दिनों तक कोई टिप्पणी नहीं करेगी। हालांकि उन्होंने अपराध, भ्रष्टाचार, पलायन और महिलाओं को दो लाख रुपये देने के वादे पर सरकार को घेरा। हार के बाद आरजेडी के भीतर बढ़ती तल्खी ने सियासी हलचल तेज कर दी है।

