
पटना, 14 जनवरी (पटना डेस्क) बिहार विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी में भगदड़ मचती दिख रही है। पार्टी के हाई-प्रोफाइल चेहरा और भोजपुरी सिंगर रितेश पांडे ने जन सुराज से इस्तीफा दे दिया है। इस्तीफे के अगले ही दिन रितेश पांडे बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं के साथ नजर आए, जिससे उनके भाजपा में शामिल होने की अटकलें तेज हो गई हैं।

रितेश पांडे ने रोहतास जिले के करगहर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें करारी हार का सामना करना पड़ा। पार्टी छोड़ते हुए उन्होंने अपने संगीत करियर पर फोकस करने की बात कही, हालांकि उनका बीजेपी नेताओं के साथ दिखना सियासी संकेत माना जा रहा है।इधर, पूर्व केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह के भी जदयू में वापसी के संकेत मिले हैं। मकर संक्रांति के मौके पर पटेल सेवा संघ के कार्यक्रम में उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तारीफ करते हुए कहा, “नीतीश कुमार और मैं एक जैसे हैं।” उल्लेखनीय है कि आरसीपी सिंह की बेटी लता सिंह भी जन सुराज के टिकट पर चुनाव हार चुकी हैं।

जन सुराज के अध्यक्ष मनोज भारती ने पार्टी छोड़ने वालों पर तंज कसते हुए कहा कि जो लोग जा रहे हैं, वे कभी असली जन सुराज का हिस्सा थे ही नहीं। उन्होंने बताया कि पार्टी ने संगठन की समीक्षा करते हुए सभी नॉमिनेटेड कमेटियों को भंग कर दिया है और अब बूथ स्तर तक चुनी हुई कमेटियां बनाई जाएंगी।विधानसभा चुनाव में 238 सीटों पर लड़ने वाली जन सुराज को मात्र 3.4 प्रतिशत वोट मिले थे और 235 सीटों पर जमानत जब्त हो गई थी। हार के बाद प्रशांत किशोर फिलहाल सुर्खियों से दूर हैं, लेकिन पार्टी का दावा है कि फरवरी से वे फिर सक्रिय होंगे।

