पटना, 17 दिसम्बर (पटना डेस्क) बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से जुड़े हिजाब विवाद ने अब अंतरराष्ट्रीय रंग ले लिया है। एक वायरल वीडियो में मुस्लिम महिला का हिजाब हटाने के मामले को लेकर पाकिस्तान का कुख्यात डॉन शहजाद भट्टी भड़क गया है। उसने वीडियो जारी कर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को खुली धमकी देते हुए कहा है कि वे सार्वजनिक तौर पर माफी मांगें, वरना इसके गंभीर परिणाम होंगे।शहजाद भट्टी ने कहा कि बिहार में जो हुआ, वह पूरी दुनिया ने देखा है।

उसने आरोप लगाया कि एक ऊंचे पद पर बैठे व्यक्ति ने एक मुस्लिम महिला के साथ आपत्तिजनक बर्ताव किया। उसका कहना है कि जिम्मेदार संस्थाओं को कुछ ही दिनों में सार्वजनिक माफी दिलानी चाहिए। चेतावनी भरे लहजे में उसने गंभीर अंजाम भुगतने की बात कही।दरअसल, 15 दिसंबर को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पटना में आयुष डॉक्टरों को नियुक्ति पत्र बांट रहे थे। इसी दौरान महिला डॉक्टर नुसरत हिजाब पहनकर मंच पर पहुंचीं। नियुक्ति पत्र देने के बाद मुख्यमंत्री ने हिजाब की ओर इशारा कर सवाल किया। जवाब के बीच मुख्यमंत्री ने अपने हाथ से हिजाब हटा दिया। डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी उन्हें रोकते नजर आए। महिला कुछ क्षण असहज हुई और कार्यक्रम के बाद चली गई।वीडियो सामने आते ही विपक्ष और मुस्लिम संगठनों ने कड़ी आपत्ति जताई। वहीं सत्तापक्ष ने इसे पिता समान स्नेह करार दिया।उधर, शहजाद भट्टी को पाकिस्तान का कुख्यात डॉन माना जाता है और उसके दुबई में रहने की जानकारी है। बताया जाता है कि उसके संबंध भूमाफिया और अंडरवर्ल्ड नेटवर्क से हैं। उस पर हथियारों की तस्करी, बम बनाने और ड्रोन के जरिए अवैध सप्लाई जैसे गंभीर आरोप हैं। सोशल मीडिया पर वह हथियारों और शेरों के साथ वीडियो पोस्ट करने के लिए जाना जाता है। मामले ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता भी बढ़ा दी।

