
बक्सर, 04 मार्च (विक्रांत) होली के रंग में घर लौटने की जल्दी में जुटे यात्रियों के लिए दानापुर मंडल ने इस बार बड़ा इंतजाम किया। 02 मार्च 2026 को दानापुर मंडल के तहत 13 विशेष ट्रेनों ने विभिन्न राज्यों से यात्रियों को सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। इन ट्रेनों ने नई दिल्ली, विशाखापट्टनम, हावड़ा, आनंद विहार, एसएमबीटी बेंगलुरु, लोकमान्य तिलक टर्मिनस, सोगरिया (कोटा), पुणे, चर्लपल्ली और साबरमती जैसे प्रमुख शहरों से चलकर दानापुर और पटना जंक्शन स्टेशन तक यात्रियों को पहुंचाया।

यात्रियों ने बताया कि नियमित ट्रेनों में टिकट न मिलने से वे परेशान थे, लेकिन स्पेशल ट्रेनों के परिचालन से उन्हें बड़ी राहत मिली। समय पर घर पहुंचकर पर्व मनाने का अवसर मिलने पर उन्होंने रेलवे का आभार जताया और त्योहारों में ऐसी ट्रेनों के नियमित संचालन की मांग की।मंडल प्रशासन ने भीड़ को नियंत्रित करने और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए व्यापक इंतजाम किए। स्टेशनों और ट्रेनों में अतिरिक्त कमर्शियल स्टाफ तथा Railway Protection Force (आरपीएफ) के जवान तैनात किए गए। प्रमुख स्टेशनों पर डॉग स्क्वॉड की मदद से सघन जांच अभियान चलाया गया।यात्री सुरक्षा को लेकर सीसीटीवी कैमरों से 24×7 निगरानी की जा रही है। दानापुर कंट्रोल रूम से मंडल के सभी प्रमुख स्टेशनों की गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा रही है।

इसके अलावा स्काउट और गाइड की तैनाती भी सुनिश्चित की गई है, ताकि यात्रियों को मार्गदर्शन मिल सके।दानापुर मंडल ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और सुगम यात्रा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है, और भविष्य में भी त्योहारों पर ऐसे विशेष इंतजाम जारी रहेंगे।

