
समस्तीपुर, 11. मार्च (हर्षिता “अश्क”) समस्तीपुर मंडल ने इस होली पर्व पर यात्रियों की सुविधा और भीड़ नियंत्रण को लेकर विशेष प्रबंध किए, जिनके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, इस वर्ष होली के दौरान यात्रियों की संख्या और रेलवे आय में पिछले साल की तुलना में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।अधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, पिछले वर्ष 15 मार्च से 20 मार्च 2025 के बीच PRS (आरक्षित टिकट) से कुल 1,55,519 यात्रियों ने यात्रा की थी, जिससे लगभग ₹13.33 करोड़ की आय हुई थी। वहीं Non-PRS (अनारक्षित टिकट) से कुल 9,31,568 यात्रियों ने यात्रा की, जिससे लगभग ₹7.03 करोड़ की आय दर्ज की गई।

इस प्रकार कुल यात्रियों की संख्या 10,87,087 और कुल आय ₹20.36 करोड़ रही।वर्तमान वर्ष 05 मार्च से 10 मार्च 2026 के बीच PRS से 2,02,579 यात्रियों ने यात्रा की, जिससे ₹18.23 करोड़ की आय हुई। Non-PRS यात्रियों की संख्या बढ़कर 10,95,236 हो गई, जिससे ₹10.18 करोड़ की आय प्राप्त हुई। कुल मिलाकर, इस वर्ष होली अवधि में यात्रियों की संख्या 12,97,815 और कुल आय ₹28.41 करोड़ दर्ज की गई।पिछले वर्ष की तुलना में PRS यात्रियों में 47,060 की वृद्धि (लगभग 30.26%) हुई, वहीं PRS आय में ₹4.89 करोड़ का इजाफा (36.75%) दर्ज हुआ। Non-PRS यात्रियों में 1,63,668 की वृद्धि (17.57%) और Non-PRS आय में ₹3.15 करोड़ की बढ़ोतरी (44.78%) हुई। समग्र रूप से यात्रियों की कुल संख्या में 2,10,728 की वृद्धि (19.38%) और कुल आय में ₹8.05 करोड़ का उछाल (39.52%) देखा गया।

समस्तीपुर मंडल ने होली के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने के लिए सभी मुख्य स्टेशनों पर विशेष निगरानी, अतिरिक्त टिकट काउंटर, प्लेटफॉर्म प्रबंधन और सुरक्षित आवागमन की विशेष व्यवस्था की।रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों के समन्वित प्रयासों के कारण यात्रियों को सुरक्षित और व्यवस्थित यात्रा का अनुभव मिला। विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह की व्यवस्थाओं ने न केवल यात्रियों की सुविधा बढ़ाई बल्कि मंडल की वित्तीय स्थिति को भी मजबूत किया।

