
पटना, 02 मार्च (पटना डेस्क) नालंदा जिला के बिहार शरीफ स्थित नकटपुरा वाटर पार्क में रविवार को आयोजित होली मिलन समारोह अचानक हिंसा की भेंट चढ़ गया। मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंचे भोजपुरी सिंगर रोशन रोही के कार्यक्रम से निकलते ही भीड़ बेकाबू हो गई। देखते ही देखते पत्थरबाजी शुरू हो गई और फिर ताबड़तोड़ गोलियां चलने लगीं। कार्यक्रम कवर कर रहे मीडियाकर्मियों को भी निशाना बनाया गया, जिससे अफरा-तफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से चल रहा था। लेकिन जैसे ही रोशन रोही बाहर निकले, उनकी सुरक्षा में तैनात बाउंसरों और कुछ लोगों के बीच कहासुनी हो गई। बहस इतनी बढ़ी कि मामला हाथापाई और फिर हिंसा में बदल गया। भीड़ के एक हिस्से ने लाठियों से हमला कर दिया और कई गाड़ियों में तोड़फोड़ की। सिंगर की कार को भी निशाना बनाते हुए बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया गया।

सूत्रों का दावा है कि करीब 100 राउंड फायरिंग हुई, जिससे पूरे वेन्यू पर भगदड़ मच गई। फायरिंग में सूबे लाल नामक युवक को गोली लग गई, जिसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। सिंगर रोशन रोही समेत आधा दर्जन से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने बाउंसरों के पास से कारतूस और हथियार भी बरामद किए हैं। इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है और CCTV फुटेज के आधार पर दंगाइयों की पहचान की जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि होली के नाम पर हिंसा करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

