पटना, 31 अगस्त (अशोक “अश्क”) पटना में एक सितंबर को ‘गांधी-आंबेडकर मार्च’ के साथ मतदाता अधिकार यात्रा का समापन होगा। यह मार्च गांधी मैदान स्थित गांधी मूर्ति से शुरू होकर हाईकोर्ट स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर पार्क तक निकाला जाएगा। कांग्रेस महासचिव अविनाश पांडेय ने शनिवार को सदाकत आश्रम स्थित पार्टी मुख्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में इसकी जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि यह मार्च सोमवार सुबह 10:50 बजे गांधी मैदान के गेट नंबर एक से शुरू होकर एसपी वर्मा रोड, डाकबंगला चौराहा और आयकर गोलंबर होते हुए हाईकोर्ट स्थित अंबेडकर पार्क तक जाएगा। अंबेडकर पार्क पहुंचने के बाद एक जनसभा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें लोकतंत्र, संविधान और मतदाता अधिकारों की रक्षा को लेकर जनता को संबोधित किया जाएगा।
इस ऐतिहासिक मार्च में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के साथ राजद नेता तेजस्वी यादव, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, भाकपा (माले) के दीपंकर भट्टाचार्य, विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के मुकेश सहनी, भाकपा के डी राजा, सीपीएम के एम ए बेबी सहित इंडिया गठबंधन के सभी प्रमुख नेताओं की भागीदारी तय मानी जा रही है।
उधर, मतदाता अधिकार यात्रा शनिवार को अपने 14वें दिन आरा पहुंची, जहां एक जनसभा के साथ तीसरे चरण की यात्रा का समापन किया गया। रविवार को यात्रा का विश्राम दिवस रखा गया है, ताकि एक सितंबर को पटना में आयोजित समापन मार्च की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा सके।
बताया गया कि राहुल गांधी शुक्रवार को दिल्ली रवाना हो गए थे और वे 31 अगस्त की शाम को पुनः पटना लौटेंगे। राहुल गांधी की इस यात्रा में भागीदारी को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है। पार्टी सूत्रों के अनुसार यह यात्रा देशभर में मतदाताओं को जागरूक करने और लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति लोगों को सजग करने की एक कोशिश है।
गौरतलब है कि मतदाता अधिकार यात्रा के तीनों चरणों में बिहार के विभिन्न जिलों से होकर गुजरते हुए इसे व्यापक जनसमर्थन मिला। अब यह यात्रा गांधी-आंबेडकर जैसे दो महान विचारकों के आदर्शों के प्रतीक मार्च के साथ अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंचने जा रही है।

