
पटना, 19 जनवरी (पटना डेस्क) कर्नाटक के मैसूर में हुई 10 करोड़ रुपये की सनसनीखेज सोना लूट कांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कर्नाटक पुलिस ने बिहार एसटीएफ और दरभंगा पुलिस के सहयोग से इस मामले के वांछित आरोपी छोटू सिंह को दरभंगा जिले के हायाघाट थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान इलाके में हड़कंप मच गया।जानकारी के अनुसार, 28 दिसंबर 2025 को मैसूर जिले के हुस्नासूर स्थित स्काई गोल्ड ज्वेलरी शोरूम में बाइक सवार बदमाशों ने महज पांच मिनट में करीब आठ किलो सोना, चांदी और हीरे के आभूषण लूट लिए थे।

इस लूट की कीमत लगभग 10 करोड़ रुपये आंकी गई थी। घटना के बाद सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की।जांच में बिहार के भागलपुर जिले के नवगछिया निवासी पंकज सिंह की पहचान हुई, जिसे कर्नाटक पुलिस ने बिहार एसटीएफ की मदद से गिरफ्तार किया। पूछताछ में पंकज की निशानदेही पर दरभंगा के हायाघाट निवासी छोटू सिंह का नाम सामने आया। इसके बाद से पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी।पुलिस टीम को देखते ही छोटू सिंह भागने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे दबोच लिया गया।

थानाध्यक्ष रविंद्र तिवारी के अनुसार, इस कार्रवाई में कर्नाटक पुलिस की 15 सदस्यीय टीम शामिल थी। आरोपी को आगे की पूछताछ के लिए कर्नाटक ले जाया गया है।वहीं, आरोपी की पत्नी ज्योतिमाला ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। फिलहाल पुलिस इस अंतरराज्यीय लूट गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।

