
पटना, 22 दिसम्बर (पटना डेस्क) बिहार में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे लाखों युवाओं के लिए 2026 की शुरुआत ऐतिहासिक साबित हो सकती है। नीतीश सरकार ने अगले तीन महीनों के भीतर तीन लाख से अधिक रिक्त पदों पर बहाली प्रक्रिया शुरू करने का मास्टर प्लान तैयार कर लिया है।

सबसे ज्यादा रिक्तियां गृह और शिक्षा विभाग में हैं, जहां वर्षों से हजारों पद खाली पड़े हैं।सामान्य प्रशासन विभाग को विभिन्न विभागों से अब तक करीब 1.75 लाख रिक्त पदों का ब्योरा मिल चुका है। इन पदों पर नए साल की शुरुआत में ही आयोगों और नियुक्ति एजेंसियों को औपचारिक अनुशंसा भेजी जाएगी। इसके अलावा लगभग 1.5 लाख पदों पर बहाली के लिए पहले ही अनुशंसा भेजी जा चुकी है, जिन पर आवेदन और प्रारंभिक परीक्षा की प्रक्रिया चल रही है।

सरकार का लक्ष्य है कि 2026 की पहली तिमाही में ही बहाली पूरी रफ्तार पकड़ ले।विभागवार आंकड़ों पर नजर डालें तो गृह विभाग में लगभग 38 हजार, शिक्षा विभाग में 35 हजार, ऊर्जा विभाग में 7,500, कृषि विभाग में 5,500 और स्वास्थ्य विभाग में करीब 4,000 पद खाली हैं। अन्य विभागों की अंतिम रिपोर्ट 31 दिसंबर 2025 के बाद तैयार होगी।सामान्य प्रशासन विभाग ने सभी विभागों और जिलों को 31 दिसंबर तक अपडेटेड रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है। इसके आधार पर भर्ती कैलेंडर बनेगा। नीतीश सरकार ने साफ किया है कि युवाओं को नौकरी देना उसकी शीर्ष प्राथमिकता है। इसी लक्ष्य के तहत अगले पांच वर्षों में एक करोड़ रोजगार और नौकरियों का रोडमैप तय किया गया है।

