
पटना, 24 दिसम्बर (अशोक “अश्क”) अनुमंडल प्रशासन द्वारा बक्सर जिला के वरिष्ठ पत्रकार अरुण कुमार विक्रांत को पत्रकारिता जगत में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया. सम्मान समारोह में प्रशासनिक अधिकारियों ने उनकी निष्पक्ष, निर्भीक और जनसरोकारों से जुड़ी पत्रकारिता की सराहना की.

उल्लेखनीय है कि अरुण विक्रांत ने अपने लगभग 25 वर्षों के पत्रकारिता जीवन में अनेक चुनौतियों और झंझावतों का सामना करते हुए अपनी लेखनी को लगातार मजबूत बनाए रखा. उन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत पटना से प्रकाशित सांध्य दैनिक संध्या प्रहरी से की. वर्ष 1994 में वे बिहार के प्रतिष्ठित हिंदुस्तान अखबार में स्थानीय संवाददाता नियुक्त हुए और ग्यारह वर्षों तक सेवाएं दी.

वर्ष 2005 से वे दैनिक जागरण से जुड़े हुए हैं. सशक्त लेखनी के बल पर श्री विक्रांत की पहचान बक्सर सहित पूरे शाहाबाद क्षेत्र में एक श्रेष्ठ पत्रकार के रूप में स्थापित है. कला, संस्कृति, साहित्य और समाज के हर वर्ग में उनका नाम सम्मान से लिया जाता है.

