
पटना, 29 दिसम्बर (पटना डेस्क) बिहार की राजधानी पटना से लापता हुई कृषि विभाग की महिला अधिकारी अर्यमा दीप्ति आखिरकार 36 घंटे बाद सुरक्षित मिल गई हैं। पुलिस ने उन्हें सारण जिले के मशरक से बरामद किया, जिसके साथ ही उनके लापता होने को लेकर चल रही तमाम अफवाहों और सनसनीखेज कयासों पर विराम लग गया है।

जांच में स्पष्ट हो गया है कि न तो उनका अपहरण हुआ था और न ही वह किसी प्रेम प्रसंग में घर छोड़कर गई थीं, लेकिन मामले की सच्चाई चौंकाने वाली जरूर है।अथमलगोला ब्लॉक में तैनात अर्यमा दीप्ति शुक्रवार को अचानक लापता हो गई थीं। उनके पति शुभम कुमार के अनुसार, वह रोज की तरह उन्हें ऑफिस छोड़कर गए थे। दोपहर तक बातचीत होती रही, लेकिन शाम होते-होते उनका मोबाइल बंद हो गया। शादी के महज 23 दिन बाद अधिकारी के लापता होने की खबर से परिवार और विभाग में हड़कंप मच गया।26 दिसंबर की सुबह अर्यमा ड्यूटी के लिए तैयार होकर निकली थीं।

दोपहर करीब 2 बजे उन्होंने पति को बताया कि वह कुछ काम से घर आई हैं। इसके बाद शाम चार बजे उनका फोन बंद हो गया। देर रात तक संपर्क न होने पर बख्तियारपुर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।पुलिस ने CDR और लोकेशन के आधार पर जांच शुरू की। आखिरी लोकेशन उस्मानपुर मिली, फिर फतुहा में फोन ऑन हुआ, जिससे संदेह बढ़ा। इसी बीच लव एंगल और अपहरण की चर्चाएं तेज हो गईं। हालांकि, मशरक से सुरक्षित बरामदगी के बाद पुलिस ने साफ कर दिया कि मामला अफवाहों से बिल्कुल अलग है और आगे की जांच जारी है।

