
बक्सर, 09 जनवरी (विक्रांत) भारतीय रेल समय के साथ कदमताल करते हुए यात्री सुविधाओं के विस्तार में लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है। इसी क्रम में दानापुर एवं बिहटा के बीच निर्माणाधीन एलिवेटेड पुल परियोजना के एक अहम हिस्से के रूप में दानापुर रेलवे स्टेशन के सामने एक नई सड़क का निर्माण किया गया है। यह सड़क रेलवे एवं एनएचएआई के संयुक्त प्रयास से उत्तर दिशा में पूर्व से बनी सड़क के समानांतर बनाई गई है।

इस नई सड़क के शुरू होने से स्टेशन के सामने लगने वाले भीषण जाम से यात्रियों को बड़ी राहत मिली है। दानापुर रेलवे स्टेशन को आधुनिक एवं सुविधायुक्त बनाने के मास्टर प्लान के तहत रेलवे ने एलिवेटेड पुल निर्माण हेतु अपनी भूमि एनएचएआई को हस्तांतरित की, जिसके बाद सड़क का निर्माण संभव हो सका।फिलहाल सड़क को यातायात के लिए खोल दिया गया है।

अब आरा-बिहटा-नेऊरा की ओर से आने वाले वाहन नई सड़क से गुजर रहे हैं, जबकि नेऊरा-बिहटा-आरा जाने वाले वाहनों के लिए पुरानी सड़क का उपयोग हो रहा है। इससे यातायात का दबाव बंट गया है और जाम की समस्या लगभग समाप्त हो गई है। दानापुर मंडल यात्रियों की सुविधा के लिए भविष्य में भी ऐसे प्रयास करता रहेगा।

