
पटना, 10 जनवरी पटना (डेस्क) भागलपुर जिले के कहलगांव थाना क्षेत्र के एक गांव में स्वास्थ्य व्यवस्था की गंभीर चूक और झोलाछाप डॉक्टरों की लापरवाही ने एक खुशहाल परिवार को उजाड़ दिया। 31 साल की महिला की मौत एक ऐसे निजी क्लीनिक में हुई, जहां कथित डॉक्टर ने मोबाइल पर यूट्यूब वीडियो देखकर ऑपरेशन किया। जानकारी के मुताबिक महिला को प्रसव पीड़ा होने पर उसकी मां उसे श्रीमठ स्थान स्थित एक निजी क्लीनिक ले गईं। यहां रंजीत मंडल नामक व्यक्ति ने खुद को डॉक्टर बताते हुए तुरंत सिजेरियन ऑपरेशन की सलाह दी।

परिजनों का कहना है कि इस काम के लिए उसने 30 हजार रुपये की मांग की। आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान कथित डॉक्टर और उसके सहयोगी मोबाइल पर यूट्यूब वीडियो देखकर तकनीक सीखते रहे, जिससे अत्यधिक रक्तस्राव हुआ और महिला की मौत हो गई। मौत के बाद भी कथित डॉक्टर परिजनों को गुमराह करता रहा और हालत गंभीर बताकर रेफर करने की बात कहता रहा। इसके बाद वह क्लीनिक में ताला लगाकर फरार हो गया।

राहत की बात यह रही कि नवजात शिशु सुरक्षित बचा लिया गया। मृतका की दादी संजु देवी ने बताया कि आशा कर्मी के कहने पर ही वे वहां गए थे। पुलिस जांच में जुटी है।

