
गोपालगंज, 16 जनवरी (निज संवाददाता) शहर के बंजारी चौक के समीप नवाज अदा करने जा रहे उत्पाद विभाग के प्रधान लिपिक की वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना सड़क पार करने के दौरान हुई। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। मृतक की पहचान पूर्वी चंपारण जिले के बेला रामगढ़वा निवासी 47 वर्षीय मो. शेख हसनैन, पिता नौशाद आलम, के रूप में की गई है। वे वर्तमान में गोपालगंज उत्पाद विभाग में प्रधान लिपिक के पद पर कार्यरत थे।

घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया है तथा अज्ञात वाहन की तलाश में अग्रतर कार्रवाई की जा रही है। बताया जाता है कि मो.शेख हसनैन गुरुवार की शाम वन कार्यालय में ड्यूटी पर तैनात थे।

ड्यूटी के दौरान ही वे सड़क पार कर अपने लेन स्थित मस्जिद के पास नमाज अदा करने जा रहे थे। इसी दौरान बंजारी के पास पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। उत्पाद अधीक्षक को घटना की सूचना दी गई, जिसके बाद वे सदर अस्पताल पहुंचे और मृतक के परिजनों को अवगत कराया गया। परिजन अस्पताल पहुंचते ही बेसुध हो गए।

मृतक ने हाल ही में 7 जनवरी को जिला उत्पाद विभाग में योगदान दिया था। इससे पूर्व वे पटना में उत्पाद विभाग में कार्यरत थे। अपने पीछे वे तीन पुत्र और एक पुत्री को छोड़ गए हैं। घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

