
पटना, 16 जनवरी (पटना डेस्क) नालंदा जिले के बेन प्रखंड कार्यालय परिसर में शुक्रवार को अनुग्रह अनुदान योजना के तहत शोकाकुल और आपदा पीड़ित परिवारों को बड़ी राहत दी गई। क्षेत्रीय विधायक सह बिहार सरकार के ग्रामीण विकास एवं परिवहन मंत्री श्रवण कुमार ने तीन मृतक आश्रित परिवारों को चार-चार लाख रुपये की सहायता राशि का चेक प्रदान किया। बड़ी आट निवासी मृतक आरती कुमारी के पति ओमप्रकाश रविदास, शहरी गांव निवासी मृतक सुरेश पंडित की पत्नी सामपति देवी तथा लेलिन नगर गांव के मृतक नौलख मांझी की पत्नी गीता देवी को यह राशि सौंपी गई।

इसके साथ ही अग्निकांड पीड़ित शर्विला देवी, सोनी देवी एवं विजेन्द्र प्रसाद को राज्य सरकार की ओर से 11-11 हजार रुपये की सहायता राशि का चेक दिया गया। इस अवसर पर मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि आपदा पीड़ित परिवारों का राज्य सरकार के खजाने पर पहला अधिकार है। नीतीश सरकार हर परिस्थिति में पीड़ितों के साथ खड़ी है और हर संभव सहायता देने के लिए संकल्पित है।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा बिहार के विकास और जनकल्याण की नई दिशा तय कर रही है। इस यात्रा के दौरान ₹153 करोड़ की लागत से 125 नई योजनाओं का शिलान्यास और ₹29 करोड़ से 36 योजनाओं का उद्घाटन प्रस्तावित है।

बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं, मजबूत सड़क नेटवर्क, छह लेन हाईवे, पुल-पुलिया और मेट्रो जैसी सुविधाओं से बिहार तेजी से आगे बढ़ रहा है।कार्यक्रम में प्रखंड प्रमुख रंजू देवी, बीस सूत्री अध्यक्ष अरविन्द पटेल सहित कई जनप्रतिनिधि व स्थानीय लोग मौजूद रहे। लाभुकों ने सरकार और मंत्री के प्रति आभार प्रकट किया।

