
पटना, 19 जनवरी (पटना डेस्क) पटना में NEET परीक्षा की तैयारी कर रही एक छात्रा की मौत ने बिहार की राजनीति में भूचाल ला दिया है। इस मामले को लेकर विपक्ष सरकार पर हमलावर है। रविवार को RJD सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक के बाद एक दो पोस्ट कर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और स्वास्थ्य तंत्र पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने इस घटना को बिहार के लिए शर्मनाक अध्याय बताते हुए मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप की मांग की।पहले पोस्ट में रोहिणी ने भावुक शब्दों में लिखा कि फिर से बिहार शर्मसार हुआ है और सवाल किया कि क्या हॉस्टल में दरिंदगी की शिकार बेटी को वाजिब इंसाफ मिलेगा।

उन्होंने पूछा कि आखिर राज्य में महिलाओं के खिलाफ अपराध कब थमेंगे।उन्होंने पटना के प्रभात मेमोरियल अस्पताल और इलाज करने वाले डॉक्टरों पर गंभीर आरोप लगाए। रोहिणी ने कहा कि डॉक्टरों ने छात्रा के शरीर पर मौजूद दर्जनों चोटों को जानबूझकर नजरअंदाज किया, सबूत छिपाने की कोशिश की, पुलिस को सूचना दिए बिना इलाज किया और परिवार को सच्चाई नहीं बताई। उन्होंने इसे प्रथम दृष्टया संज्ञेय अपराध करार दिया।रोहिणी ने दावा किया कि पीड़ित परिवार ने भी अस्पताल प्रबंधन की भूमिका को संदिग्ध बताया है।

उन्होंने अस्पताल को तत्काल सील करने, डॉक्टरों पर कानूनी कार्रवाई और निष्पक्ष जांच की मांग की।गौरतलब है कि शुरुआत में पुलिस ने इसे आत्महत्या बताया था, लेकिन चार दिन बाद आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यौन उत्पीड़न और संघर्ष के स्पष्ट संकेत मिले। रिपोर्ट के बाद पुलिस ने SIT गठित कर जांच तेज कर दी है।

