
समस्तीपुर, 23 जनवरी (चंदन यादव) समस्तीपुर बाजार समिति एक बार फिर अपराधियों के बेखौफ हौसलों की गवाह बनी है। यहां लूट, हत्या और मारपीट की घटनाएं अब कोई नई बात नहीं है। हालात ऐसे हैं कि महीने-दो महीने में किसी न किसी व्यवसाई की दुकान लूट ली जाती है या फिर खून-खराबे की वारदात सामने आ जाती है।

सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि बाजार समिति परिसर में पुलिस चौकी होने के बावजूद भी अपराधी बिना किसी डर के घटनाओं को अंजाम देकर फरार हो जाते हैं।ताजा मामला शुक्रवार 23 जनवरी को सामने आया, जिसने पूरे बाजार की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। दरअसल, गुरुवार की शाम मंडी के दो हरि सब्जी व्यवसायियों रौशन सिंह और रामानंद महतो के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जो धीरे-धीरे रंजिश में बदल गई। पर्व का बाजार होने के कारण दोनों रात तक अपने-अपने कारोबार में व्यस्त रहे।लेकिन शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे के बाद हालात अचानक बेकाबू हो गए। आरोप है कि रामानंद महतो अपने पिता रामाशीष और छोटे भाई के साथ 25 से 30 गुंडों को लेकर रौशन सिंह की दुकान पर पहुंचा और उन पर जानलेवा हमला कर दिया।

रौशन सिंह को बेरहमी से पीटा गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद हमलावरों ने गल्ले में रखे करीब 2 लाख 20 हजार से 2 लाख 30 हजार रुपये की रकम लूट लिए और मौके से फरार हो गए।घटना के बाद मथुरापुर थाना में एफआईआर दर्ज कर दी गई है। जिसके बाद पुलिस जांच में जुटी है है। प्रशासन का दावा है कि जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा, लेकिन कारोबारियों में दहशत और आक्रोश दोनों साफ झलक रहा है।

