
बक्सर, 24 जनवरी (विक्रांत) जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान, बक्सर (डुमरांव) के प्रांगण में 22 जनवरी 2026 को जिला स्तरीय बाल विज्ञान शोध कार्यक्रम के अंतर्गत Project Based Learning (PBL) आधारित प्रोजेक्ट प्रदर्शनी मेला का भव्य आयोजन किया गया। इस आयोजन ने यह स्पष्ट कर दिया कि अगर बच्चों को “करके सीखने” का अवसर मिले, तो वे असाधारण रचनात्मकता और वैज्ञानिक सोच का परिचय दे सकते हैं।कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यालय स्तर पर गणित एवं विज्ञान विषयों की जटिल अवधारणाओं को Learning by Doing के माध्यम से सरल, रोचक और व्यवहारिक बनाना था।

इस अवसर पर बक्सर जिले के सभी प्रखंडों से चयनित उत्कृष्ट विद्यालयी प्रोजेक्ट्स का प्रदर्शन किया गया। प्रत्येक प्रखंड से गणित एवं विज्ञान के दो-दो श्रेष्ठ प्रदर्श प्रस्तुत किए गए, जिनमें चार-चार छात्रों ने अपने शिक्षकों के मार्गदर्शन में सहभागिता की।कार्यक्रम का उद्घाटन संस्थान के प्राचार्य विवेक मौर्य, वरीय व्याख्याता नवनीत जी एवं अन्य व्याख्याताओं द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद निर्णायक मंडल ने छात्रों द्वारा विकसित प्रोजेक्ट्स का गहन अवलोकन किया। प्रदर्शों का मूल्यांकन प्रोजेक्ट की अवधारणा से संबद्धता, तार्किकता, व्यावहारिक उपयोग, पर्यावरण अनुकूल सामग्री के प्रयोग, दैनिक जीवन की समस्याओं के समाधान और छात्रों की प्रस्तुति क्षमता जैसे महत्वपूर्ण मानदंडों पर किया गया।निर्णय के अनुसार विज्ञान विषय से तीन तथा गणित विषय से तीन सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शों का चयन किया गया।

गणित विषय में प्रथम स्थान बक्सर प्रखंड के मध्य विद्यालय नदांव को मिला, जबकि विज्ञान विषय में डुमरांव प्रखंड के उर्दू मध्य विद्यालय नया भोजपुर ने बाजी मारी। इन दोनों विद्यालयों को आगामी राज्य स्तरीय PBL प्रदर्शनी में बक्सर जिले का प्रतिनिधित्व करने का गौरव प्राप्त होगा।कार्यक्रम को सफल बनाने में PBL समन्वयक दिनेश सिंह सहित व्याख्याता मनोरंजन कुमार, मनीष कुमार, लीलावती कुमारी, अजीत कुमार, सूर्य प्रकाश, भूपेंद्र सिंह यादव तथा जिला तकनीकी टीम के सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा। यह आयोजन छात्रों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार और समस्या-समाधान कौशल को नई दिशा देने वाला साबित हुआ।

