
लखनऊ, 25 जनवरी (लखनऊ डेस्क) राजधानी लखनऊ के गोलागंज स्थित लखनऊ क्रिश्चियन कॉलेज गणतंत्र दिवस को भव्य और उल्लासपूर्ण ढंग से मनाने के लिए पूरी तरह तैयार हो चुका है।

गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर कॉलेज का संपूर्ण परिसर तिरंगे रंग की रोशनी से जगमगा उठा है। कॉलेज के सभी फैकल्टी भवनों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है, जिससे यह विद्या का मंदिर दुल्हन की तरह सजा नजर आ रहा है।
राष्ट्रीय पर्व को लेकर कॉलेज के शिक्षकों और छात्र-छात्राओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। परिसर में हर ओर देशभक्ति का माहौल है।

26 जनवरी को कॉलेज के प्रेसीडेंट सह मेथोडिस्ट मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया के सचिव डॉ. आर. के. सिंह द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। इसके बाद विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।गणतंत्र दिवस के अवसर पर छात्र-छात्राओं के बीच चित्रकला प्रतियोगिता, निबंध प्रतियोगिता और वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।

साथ ही देशभक्ति पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम और लघु नाटकों का मंचन भी किया जाएगा, जिसमें विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा देखने को मिलेगी।कॉलेज के प्रेसीडेंट डॉ. आर. के. सिंह ने कहा कि छात्रों में राष्ट्रीयता की भावना का विकास अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आजादी के लिए बलिदान देने वाले वीरों के त्याग और संघर्ष को जानना हर छात्र के लिए जरूरी है। डॉ. सिंह ने कहा कि परिवार और समाज से ऊपर राष्ट्र होता है और राष्ट्र के प्रति ईमानदार समर्पण की भावना विद्यार्थियों में होनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षा मानव जीवन की सर्वोच्च आवश्यकता है और गणतंत्र के वास्तविक अर्थ को समझना आज के समय की सबसे बड़ी जरूरत है।

