
मुंबई, 28 जनवरी (सेंट्रल डेस्क) महाराष्ट्र के बारामती में बुधवार को एक विमान हादसे की खबर से राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक, जिस विमान को लैंडिंग के दौरान तकनीकी परेशानी का सामना करना पड़ा, उसमें उपमुख्यमंत्री अजित पवार के सवार होने की चर्चा है। हालांकि इस संबंध में अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

बताया जा रहा है कि यह विमान बारामती एयरपोर्ट पर उतरते समय संतुलन बिगड़ने के बाद हादसे का शिकार हुआ। सूत्रों के अनुसार अजित पवार जिला परिषद चुनावों को लेकर आयोजित एक कार्यक्रम और जनसभा में शामिल होने के लिए बुधवार को बारामती आ रहे थे। लैंडिंग के दौरान अचानक आई तकनीकी दिक्कत के कारण विमान को आपात स्थिति का सामना करना पड़ा।घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में आ गईं। एयरपोर्ट परिसर में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है और आम लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है।

मौके पर राहत और बचाव दल मौजूद बताए जा रहे हैं।फिलहाल हादसे की वास्तविक स्थिति, यात्रियों की सुरक्षा और अजित पवार की मौजूदगी को लेकर आधिकारिक बयान का इंतजार है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल प्रमाणिक सूचना पर ही भरोसा करें।

