
पटना, 31 जनवरी (अविनाश कुमार) बिहार की राजधानी पटना के चित्रगुप्त नगर में नीट की तैयारी कर रही छात्रा के साथ हुई दरिंदगी और मौत के मामले ने बड़ा राजनीतिक और प्रशासनिक मोड़ ले लिया है। अब इस बहुचर्चित कांड की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) करेगी। उपमुख्यमंत्री सह गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नीट छात्रा हत्याकांड (कांड संख्या-14/26) की सीबीआई जांच को स्वीकृति दे दी है, ताकि मामले का निष्पक्ष और पारदर्शी खुलासा हो सके। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी सीबीआई जांच को मंजूरी दे दी है।दरअसल, पीड़िता के परिजनों ने बिहार पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए थे। शुक्रवार को डीजीपी विनय कुमार से मुलाकात के बाद परिजनों ने दावा किया कि पुलिस पूरे मामले को आत्महत्या करार देकर रफा-दफा करने की कोशिश कर रही है। परिजनों का कहना था कि पुलिस यह मानने को तैयार ही नहीं है कि छात्रा के साथ कोई अपराध हुआ है।परिजनों की नाराजगी उस समय और बढ़ गई जब वे उपमुख्यमंत्री से मिलने नहीं गए।

उन्होंने वीडियो जारी कर बिहार की जनता से न्याय की लड़ाई में साथ देने की अपील की। पीड़िता की मां ने भावुक होते हुए कहा कि “सब बिके हुए हैं, सभी को नोटों की गड्डी मिल गई है।” वहीं पिता ने भी कहा कि उन्हें इंसाफ की कोई उम्मीद नहीं दिख रही।डीजीपी के कथित बयान कि “इसे आत्महत्या मान लीजिए” के बाद आक्रोश और बढ़ गया। बढ़ते दबाव और विवाद को देखते हुए आखिरकार सरकार ने जांच सीबीआई को सौंप दी। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या पीड़िता को इंसाफ मिल पाएगा।

